मेरठ संवाददाता
मेरठ/ जानीखुर्द:श्रीमद्दयानन्द आर्ष ज्योतिर्मठ गुरुकुल पौंधा देहरादून में उनके वार्षिकोत्सव के विशेष अवसर पर गुरुकुल के द्वारा अखिल भारतीय गुरुकुलीय शास्त्र प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इन विभिन्न प्रतियोगिताओं में गुरुकुल प्रभात आश्रम, टीकरी के ब्रह्मचारियों ने भी प्रतिभाग किया। न केवल प्रतिभाग किया, अपितु गुरुकुल प्रभात आश्रम के ब्रह्मचारियों ने अपनी विजय की परम्परा को यथावत बनाए रखा। गुरुकुल पौंधा में आयोजित अखिल भारतीय शास्त्रीय प्रतियोगिताओं में गुरुकुल प्रभात आश्रम के शिवांश तथा उमाशंकर ने महाभाष्य के प्रथम द्वितीयाह्निक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ,अष्टाध्यायी प्रथमावृत्ति प्रथमद्वितीयाध्याय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आश्रय और भरत ने तथा अष्टाध्यायी कण्ठस्थीकरण प्रतियोगिता में अनिलेश ने प्रतिभाग किया। चयनित प्रतियोगियों में प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहे प्रभात आश्रम के ब्रह्मचारियों में विजय पताका फहराई। इस अवसर ब्रह्मचारियों ने गुरुकुल पौंधा, देहरादून में ही 12 आर्ष गुरुकुल के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद जी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरुकुल प्रभात आश्रम में पहुंचकर गुरुकुल के कुलाधिपति और श्री गुरु जी से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। विजय को लक्षित करते हुए कुलाधिपति जी ने कहा कि ऐसी विजय न केवल प्रतिभागियों विजेताओं का, अपितु समस्त गुरुकुल परिवार का मनोयोग और उत्साह बढ़ाती हैं। इस प्रकार की विजय सभी को जीवन पथ में अग्रणी होने के लिए प्रेरित करती हैं। इस विशेष शुभ अवसर पर गुरुकुल के समस्त परिवार ने विजेताओं का भव्य स्वागत किया।

