मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सोनू कश्यप हत्याकांड के पुलिस खुलासे से असंतुष्ट कश्यप समाज के उग्र तेवरों को देखते हुए शुक्रवार को सरधना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मेरठ में प्रस्तावित धरने और प्रदर्शन के मद्देनजर सरधना से जुड़े सभी संवेदनशील मार्गों पर पुलिस ने कड़ा पहरा बिठा दिया।मेरठ कमिश्नरी पर कश्यप समाज द्वारा किए गए विशाल प्रदर्शन के बाद सरधना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। ज्वालागढ़ और कपसाड़ (ठाकुर चौबीसी) की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी की गई। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर भी पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला, जहां कपसाड़ और ज्वालागढ़ की दिशा में जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया।इसके अलावा दौराला रोड, अटेरना पुल, नानू पुल और सलावा पुल पर विशेष निगरानी रखी गई। केवल अत्यंत आवश्यक कार्य से जाने वाले स्थानीय लोगों को ही पहचान पत्र की जांच के बाद आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।गौरतलब है कि बीती 5 जनवरी को मुजफ्फरनगर निवासी सोनू कश्यप का जला हुआ शव सरधना क्षेत्र के ज्वालागढ़ के पास बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन मृतक के परिजन और कश्यप समाज इस खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं।परिजनों का आरोप है कि सोनू को जिंदा जलाया गया, जबकि समाज के लोगों का मानना है कि इस जघन्य हत्याकांड में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है।तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला रहे हैं, वहीं कश्यप समाज सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।

