सरूरपुर संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर। कस्बा हर्रा के बाहरी छोर पर सड़क किनारे लंबे समय से पशुओं के लिए सत्तू बेचने की अवैध मंडी संचालित की जा रही थी। बुधवार को लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मंडी के खिलाफ कार्रवाई की।स्थानीय लोगों का कहना था कि सड़क किनारे लगने वाली इस अवैध मंडी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा मंडी में आने-जाने वालों के बीच विवाद और मारपीट की आशंका भी बनी रहती थी।बताया गया कि नगर पंचायत की ओर से मंडी संचालकों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन पुलिस सहयोग न मिलने के कारण अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी थी। शिकायतों की संख्या बढ़ने और मामला गंभीर होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित की जा रही मंडी को हटवा दिया।पुलिस की कार्रवाई से मंडी संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा सड़क किनारे अवैध रूप से मंडी लगाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।

