मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर । थाना सरूरपुर क्षेत्र में दर्ज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि आर्थिक लेन-देन के विवाद को छुपाने के लिए युवक ने खुद ही फर्जी लूट की कहानी रची और पुलिस को गुमराह किया।पुलिस ने बुधवार को लूट का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। ग्राम पांचली बुजुर्ग निवासी सचिन पुत्र नेत्रपाल ने शिकायत दी थी कि सरधना-बिनोली मार्ग पर भूनी चौराहे से आगे एपीएस कॉलेज के पास तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने उसकी स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP-15 EQ-4579) और ₹5000 लूटकर फरार हो गए।घटना को गंभीरता से लेते हुए मेरठ एसएसपी डा विपिन ताड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। पुलिस जांच में पता चला कि सचिन ने तीन-चार माह पूर्व सरधना स्थित एक किराना व्यापारी से ₹15 हजार का राशन उधार लिया था। इस उधारी की जिम्मेदारी उसके मित्र प्रमोद व विवेक ने ली थी। समय पर भुगतान न होने के कारण सचिन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। बुधवार को सरधना-बिनोली मार्ग पर सचिन की प्रमोद और विवेक से मुलाकात हुई, जहां उसने ₹5000 उनके खातों में ट्रांसफर किए और शेष ₹10 हजार के एवज में अपनी मोटरसाइकिल स्वयं सौंप दी। पुलिस के मुताबिक, इसी लेन-देन को छुपाने और संबंधित लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने के उद्देश्य से सचिन ने लूट की फर्जी सूचना दी। जांच में मामला पूरी तरह फर्जी पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

