मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर । आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सरूरपुर थाना परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। और क्षेत्राधिकारी सरधना के निर्देशन में सम्पन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सरधना ने की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं अन्य संभ्रांत व्यक्तियों ने भाग लिया।बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक पोस्ट की तत्काल सूचना पुलिस को दें। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

