हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागा
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा : कांवड़ मार्ग गंग नहर पटरी पर गुरुवार की देर रात लगभग 9 बजे पूठखास पुल के पास एक भयानक सड़क हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल की आशंका के चलते दोनों शवों को आनन-फानन में उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हादसा करने वाले वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं लग पाई है।उधर,हादसे में दो ग्रामीणों की मौत को लेकर परिवार वालों में कोहराम मच गया।यह दर्दनाक हादसा गुरुवार की रात लगभग 9 बजे उस वक्त हुआ जब एक बाइक पर सवार होकर चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग गंग नहर पटरी पर पूठखास की ओर से सतवाई गांव निवासी किसान मनोज (50) पुत्र संतपाल व गांव उकसिया निवासी रूकमे (48) पुत्र महावीर मेरठ से बाइक पर वापस गांव की और जा रहे थे। बताया गया कि कुछ दूर चलने के बाद किसी अज्ञात वाहन की चपेट में दोनों आ गए और बुरी तरह से चपेट मे आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मौके पर खून से लथपत दोनों क्षत-विक्षत पड़े हुए थे और कुछ दूरी पर बाइक भी पड़ी थी। जबकि मौके पर कोई वाहन मौजूद नहीं था। बाद में वहां से गुजरे कुछ राहगीरों ने हादसे को देखकर पुलिस को फोन किया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में मृतक दोनों ग्रामीणों को बवाल की आशंका के चलते आनन-फानन में उठाकर गाड़ी में डाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा करने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हादसा करने वाले वाहन का कोई पता नहीं चल पाया है और मारे गए दोनों ग्रामीण बाइक पर सवार होकर सतवाई गांव की ओर जा रहे थे। हादसे में दो ग्रामीणों की मौत को लेकर जहां परिवार वालों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी माहौल गमगीन हो गया।

