जानी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, तमंचा व चोरी की बाइक बरामद
अनीस संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । मेरठ की जानी थाना जानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मेरठ एसएसपी डा विपिन ताड़ा के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान में जानी थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा की टीम ने बुधवार की देर रात जानी गंगनहर पटरी से भूपगढ़ी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान शिवा राणा पुत्र जितेंद्र राणा निवासी के-ब्लॉक शास्त्री नगर थाना नौचंदी मेरठ, हाल निवासी शनि मंदिर के पास सतवई मार्बल वाली रोड, बागपत रोड ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपी थाना जानी में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित था, जिस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस नाल में फंसा हुआ व चोरी की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में थाना जानी पर आरोपी के खिलाफ एक मुकदमा आयुध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।
सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी हैं शिव राणा
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 8 फरवरी 2025 की रात ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे पुल के पास पठानपुरा रोड स्थित राधाकुंज कॉलोनी में शिवा राणा ने अपने साथी रिंकू के साथ मिलकर ग्राम पांचली निवासी इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान इमरान के भाई सलमान और जावेद भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

