मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। नेशनल कैपिटल रीजन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, मेरठ में शुक्रवार को ‘मॉडल टीकाकरण केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. हिमानी अग्रवाल, सदस्य राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं कॉलेज की सी.ई.ओ., तथा डॉ. अशोक कटारिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मेरठ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।कार्यक्रम में बताया गया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, भारत सरकार के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में यह कार्यक्रम सशक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इसे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करते हुए मेरठ जनपद में नियमित टीकाकरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह मॉडल टीकाकरण केंद्र स्थापित किया है। स्वास्थ्य विभाग एवं जे.एस.आई. मेरठ के तकनीकी सहयोग से संस्थान ने अपने स्वयं के बजट से यह केंद्र तैयार कराया है, जो पूरे देश में अपनी तरह का पहला मॉडल टीकाकरण केंद्र है। इस अवसर पर संस्थान में एक नया कोल्ड चैन पॉइंट भी स्थापित किया गया, जिसका उद्घाटन भी आज किया गया।केंद्र पर यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम (यू.आई.पी.) के अंतर्गत आने वाली सभी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। सभी टीकाकरण की जानकारी सरकार के U-WIN ऐप पर दर्ज की जाएगी, जिससे लाभार्थी अपना टीकाकरण प्रमाणपत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। मॉडल टीकाकरण केंद्र के शुरू होने से आस-पास के क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को निःशुल्क टीकाकरण सुविधा मिलेगी, जिससे जनपद मेरठ में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति में वृद्धि होगी। उद्घाटन के उपरांत आयोजित गोष्ठी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नई दिल्ली एवं लखनऊ से आए अधिकारियों ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम है। कार्यक्रम में रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्रबंध निदेशक डॉ. शिवानी अग्रवाल, महानिदेशक डॉ. अश्वनी शर्मा, प्राचार्य डॉ. शैलेश कुमार गोयल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिता गर्ग, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. दया चंद, स्त्री एवं प्रसूति विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता शर्मा, कम्यूनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. भावना पंत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आयुषी अग्रवाल, सह निदेशक (जे.एस.आई.) नई दिल्ली डॉ. रितेश कुमार, प्रोग्राम विशेषज्ञ (जे.एस.आई.) लखनऊ अल्ताफ अली, प्रोग्राम ऑफिसर (जे.एस.आई.) मेरठ मोहसीन, जिला समन्वयक (जे.एस.आई.) मेरठ, कार्यक्रम समन्वयक श्री सचिन शर्मा, सीएमओ ऑफिस से बब्बन शुक्ला, राम नारायण सहित अनेक विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।इस अवसर पर सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से कहा कि यह पहल न केवल मेरठ बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण सिद्ध होगी।

