मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के सिसौला बुजुर्ग के निवासियों के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग पर विधायक निधि से दस लाख रुपये की लागत से बनी इंटरलॉकिंग रोड का उद्घाटन विधायक गुलाम मोहम्मद के कर-कमलों द्वारा किया गया। सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को अब बरसात और धूल-मिट्टी की परेशानी से निजात मिलेगी। विधायक गुलाम मोहम्मद ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। गांव की सड़कों का सुधरना शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुलभ बनाने में मदद करेगा। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य विकास कार्य भी प्राथमिकता से कराए जाएंगे।उद्घाटन समारोह में मौजूद ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या इस मौके पर उपस्थित रही।सभी ने एक स्वर में कहा कि सड़क बनने से अब गांव का स्वरूप बदल जाएगा और ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।ग्राम प्रधान व स्थानीय लोगों ने विधायक का धन्यवाद किया और आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। ग्रामीणों ने इस बात पर खुशी जताई कि अब सिसौला बुजुर्ग गांव का नाम भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो गया है।इस अवसर पर लीला हट्टी, छोटे प्रधान, गुलजार रिजवान, इमरान, लालू, फरहान, शहजादा समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग शामिल हुए।

