संचित अरोड़ा मवाना संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ/मवाना।मवाना नगरपालिका के द्वारा नगर में नाला सफाई को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है मानसून की पहली बारिश में ही मवाना में हुई और नगरपालिका की साफ सफाई व्यवस्था की पोल खोल गई। मवाना के सभी नाले पहले से ही अवरुद्ध थे क्योंकि उनकी बरसात से पहले होने वाली सफाई करवाई ही नहीं गई थी। इसके अतिरिक्त मवाना के सभी तालाब अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुके हैं। बारिश के बाद मवाना के मोहल्ला हीरालाल, फलावदा चौक, फलावदा रोड, डाकखाने वाली गली सहित कई हिस्सों में जल भराव ने विकराल रूप धारण कर लिया। बारिश का पानी गंदगी के साथ लोगों के घरों में घुस गया। मध्य रात्रि का समय होने के कारण आम जन अत्यंत ही लाचारी वाली स्थिति में आ गया था। कई घरों में इस जलभराव से लोगों को भारी क्षति भी उठानी पड़ी। उनका घर का महंगा सामान बर्बाद हो गया। इसके बाद अब इस जलभराव और गंदगी के अंबार से संक्रामक रोगों के प्रसार का भी खतरा बना हुआ है। इसके बाद लोगों में नगरपालिका की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश था। एक प्रतिनिधि मंडल विहिप जिलाध्यक्ष सुभाष चन्द्र गाबा,युवा समाजसेवी अंकुर सैनी (राजा) के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों के साथ नगर पालिका में गया। 11 बजे भी नगरपालिका में अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित थे। पीड़ितों ने नगरपालिका अध्यक्ष के समक्ष अपनी परेशानियां रखी और हुए नुकसान की भरपाई तथा समुचित सफाई की मांग रखी। इस दौरान पवन गुप्ता,बालकिशन वर्मा,गौरव गुर्जर,सतीश भारद्वाज,विनय वर्मा,गोपाल गुप्ता, मुहम्मद इश्तियाक,आदित्य,संजू,सलीम सैफी,आसिफ,रमीज आदि मौजूद रहे।

