भामस पदाधिकारियों संग पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आदेश फौजी, बार अध्यक्ष संजय शर्मा ने जताया आभार
मेरठ। बेगमपुल पर हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जारी अधिवक्ताओं के धरना-प्रदर्शन को लगातार विभिन्न संगठनों का समर्थन मिलता जा रहा है। शनिवार को भारतीय मतदाता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आदेश फौजी भामस (भारतीय मजदूर संघ) के पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुँचे और अधिवक्ताओं के संघर्ष को अपना समर्थन सौंपा।धरना स्थल पर पहुँचने पर मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पंडित आदेश फौजी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता वर्षों से न्याय के लिए मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की मांग कर रही है। यदि यहाँ बेंच स्थापित होती है तो लाखों लोगों को न्याय पाने में सुविधा होगी और जनता को इलाहाबाद तक भटकना नहीं पड़ेगा।भामस पदाधिकारियों ने भी आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि मजदूर वर्ग पूरी तरह से अधिवक्ताओं के साथ है और यह आंदोलन जनआंदोलन का रूप ले चुका है। वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय शर्मा ने भारतीय मतदाता संघ एवं भामस का आभार जताते हुए कहा कि जब तक मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नहीं हो जाती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।धरना स्थल पर संगठनों का बढ़ता समर्थन अधिवक्ताओं और आंदोलनकारियों के लिए नई ऊर्जा और संबल का कारण बना है।

