सरधना संवाददाता
सरधना । उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव लिमिटेड डेवलपमेंट फंड के चेयरमैन एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री चौधरी यशवीर सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास 4, कालिदास मार्ग पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चौधरी यशवीर सिंह ने मेरठ जनपद में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के निर्माण हेतु मुख्यमंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपा।चौधरी यशवीर सिंह ने अपने पत्र में प्रमुख रूप से दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर जोर दिया। पहली परियोजना के तहत, सरधना और सिवालखास विधानसभाओं को जोड़ने वाले कालंद रोड से छबड़िया नाले की पटरी होते हुए बिनौली से मेरठ-करनाल हाईवे तक जाने वाले सरधना-बिनौली मार्ग को मिनी बाईपास के रूप में निर्मित करने का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मिनी बाईपास के निर्माण से लगभग 80 गांवों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनमें ठाकुर चौबीसी और अन्य 50 बड़े गांव शामिल हैं।दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना मेरठ से पुराना कांवड़ मार्ग (टैक कोठी से पूरा महादेव मंदिर तक जाने वाले 45 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग) को आधुनिक तरीके से चौड़ा और निर्मित करने से संबंधित है। चौधरी यशवीर सिंह ने बताया कि इस मार्ग के उन्नयन से कांवड़ लेकर जाने वाले शिव भक्तों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी सुविधा होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा और आवागमन सुगम बनेगा।इसके अतिरिक्त, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने मेरठ जिले को विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाली लगभग एक दर्जन से अधिक सड़कों के निर्माण की भी मांग की। भेंट के बाद चौधरी यशवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और गांवों को शहरों से जोड़ने का काम प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से मेरठ जनपद के विकास को गति मिलेगी।चौधरी यशवीर सिंह ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरधना-बिनौली मिनी बाईपास और पुराने कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण सहित मेरठ जनपद के विकास से संबंधित सभी प्रस्तावों पर पूर्ण आश्वासन दिया है और जल्द ही इस पर उचित कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।

