200 से अधिक CCTV कैमरों और सर्विलांस की मदद से तीन दिन बाद मिली सफलता
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जनपद मेरठ के थाना सरधना में बहुचर्चित कपसाड़ कांड में पुलिस को तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनदहाड़े युवती के अपहरण और उसकी मां की नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी पारस को पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत युवती रूबी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। मेरठ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी और युवती दोनों को मेरठ लाया जा रहा है।बताया गया कि 8 जनवरी को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पारस अपने तीनों मोबाइल फोन बंद कर सफेद रंग की ऑल्टो कार से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताड़ा ने 10 विशेष पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस ने अपहरण के संभावित मार्गों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र व सर्विलांस की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रेस की। शनिवार को सहारनपुर में घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में खेत जाते समय आरोपी पारस ने युवती रूबी का जबरन अपहरण कर लिया था। जब उसकी मां सुनीता ने बेटी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने दरांती से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सुनीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया था और परिजनों ने शव रखकर लंबा प्रदर्शन भी किया था।एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों से मेरठ में गहन पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद ही इस जघन्य वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

