मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी कलां क्षेत्र में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत हुई, जब सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा विधानसभा सिवालखास अंतर्गत जलालाबाद रजवाहे की बायी पटरी पर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह निर्माण कार्य कि.मी. 5.150 से 9.110 तक कराया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में सिवालखास विधानसभा क्षेत्रीय विधायक गुलाम मोहम्मद ने फीता काटकर विधिवत रूप से कार्य का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही कृषि कार्यों और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके।इस मौके पर जानी कलां के प्रधान नूरु, नौशाद, अमीर, मुजम्मिल, प्रधान चन्दोरा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इस विकास कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

