मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
6 जुलाई 2025 को मोहर्रम के जुलूस के दौरान हुए गोलीकांड की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी शोएब उर्फ सुहेब उर्फ टिड्डी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। मोहर्रम के जुलूस के दौरान कादिर बेग नामक व्यक्ति को गोली लगी थी। गोली लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी और माहौल तनावपूर्ण हो गया था। घायल कादिर बेग को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कादिर के चचेरे भाई गुलजार ने पुलिस में तहरीर देकर शोएब उर्फ टिड्डी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सरधना-मुल्हैड़ा मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान शोएब को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में शोएब के पैर में गोली लगी थी। उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को दूसरे आरोपी वसीम पुत्र सलीम का नाम पता चला, जो मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी और आखिरकार किदवई नगर स्थित उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि घटना में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस मामले की जाँच में जुट गयी है।

