Oplus_16908288
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना जानी पुलिस व सरूरपुर पुलिस ने ग्राम मुंडाली में हुई डकैती की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर व 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार, मंगलवार की देर सुबह थाना सरूरपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्लेटी रंग की i10 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश जानलेवा तरीके से कट मारते हुए भोला झाल की ओर भाग निकले। संदेह होने पर सरूरपुर पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के थानों को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस ने भोला झाल क्षेत्र में आश्रम नहर की पटरी पर सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद दोनों आरोपी को कार से निकलकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। और पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उन्होंने 21 जनवरी को ग्राम मुंडाली निवासी शाहजीम के घर में अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की थी। पुलिस घेराबंदी के डर से वे रात के समय दिल्ली भागने का प्रयास कर रहे थे।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, डकैती के आभूषण, 10,050 रुपये नकद तथा डकैती के पैसों से खरीदी गई सेकंड हैंड i10 कार बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम उर्फ सुल्तान उर्फ शेखचिल्ली पुत्र आबिद, निवासी खिवाई थाना सरूरपुर रूप में हुई और दूसरे आरोपी दिलशाद उर्फ भूरी पुत्र हसमत अली, निवासी फखरपुर थाना फखरपुर जिला बहराइच, हाल पता पूजा कॉलोनी लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है।सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्त पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

