मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेलठ।मेरठ जिले के थाना रोहटा क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। पत्नी ने पहले पति को नशीला पदार्थ खिलाया, फिर बेहोशी की हालत में उसे नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई थी। कुछ दिन पहले उसकी नहर में डूबने से मौत की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में पता चला कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि रची गई साजिश थी। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी काजल पर शक गहराया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो काजल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी शादी को आठ साल हो चुके थे, लेकिन कुछ समय पहले उसका संपर्क अपने पुराने प्रेमी से दोबारा हुआ। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने पति को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। योजना के तहत काजल ने अपने पति को नशीला पदार्थ खिलाया और प्रेमी की मदद से उसे नहर में फेंक दिया। इसके बाद दोनों ने मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला काजल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। और दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया जाएगा यह घटना एक बार फिर इस बात का सबूत है कि अवैध संबंध कैसे एक परिवार को तबाह कर सकते हैं। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।

