PWD-NHAI की अनुमति बिना निर्माण, बस स्टैंड पर भड़का जन आक्रोश

कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ/जानी खुर्द। राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी से ग्राम रावा और मोहम्मदपुर धूमी को जोड़ने वाली PWD सड़क पर बने अवैध स्वागत गेट ने गुरुवार को बड़े विवाद और जनआंदोलन का रूप ले लिया। रावा कुटी बस स्टैंड पर सैकड़ों ग्रामीणों ने हंगामा कर प्रशासन को घेरा और बिना अनुमति बने गेट को तत्काल हटाने की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने PWD और NHAI के नियमों को ताक पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वागत गेट का निर्माण करा दिया। यह स्थान दोनों गांवों का मुख्य यातायात और बस स्टैंड केंद्र है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर गेट खड़ा कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के समय ही PWD के जिम्मेदार जेई को शिकायत दी गई, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई,

जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।मोहम्मदपुर धूमी के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह मार्ग आसाराम मार्ग के नाम से जाना जाता है, फिर भी रावा ग्राम प्रधान द्वारा अपने गांव का बोर्ड लगवाना मनमानी है, जो न केवल नियम विरुद्ध है बल्कि दोनों गांवों के बीच तनाव पैदा करने वाला कदम है। ग्रामीणों ने चेताया कि यह अवैध स्वागत गेट यातायात बाधित कर रहा है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। मौके पर नारेबाजी के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया गया।सूचना मिलने पर संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।

