oplus_69206016
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी क्षेत्र के गंग नहर पुल तिराहे पर सड़क किनारे अवैध तरीके से ठेले लगाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। मुख्य मार्ग पर ठेले खड़े होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों, स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि तिराहे पर लंबे समय से अवैध ठेले लग रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ ठेले पुलिस की मिलीभगत से लगाए जा रहे हैं, जिसके चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित नजर आती है।जाम की समस्या से निपटने के लिए तिराहे पर होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि जवान जाम खुलवाने के बजाय आसपास की दुकानों पर बैठे दिखाई देते हैं। इससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है और लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है।व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि तिराहे पर रोजाना घंटों जाम लगता है, जिससे एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंस जाते हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तिराहे से अवैध ठेले तुरंत हटाए जाएं, पुलिस और होमगार्ड की जिम्मेदारी तय की जाए और स्थायी रूप से यातायात व्यवस्था सुधारी जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

