मामला ठाकुर व दलित समुदाय से जुड़ा, पुलिस सतर्क- गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात, एसएसपी व एसपी देहात ने किया मौका मुआयना
विधायक अतुल प्रधान अस्पताल पहुंचे, पीड़ित परिवार को दिया आश्वासन
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत में काम करने के लिए जा रही एक महिला पर गांव के ही दबंग युवकों ने फरसे से जानलेवा हमला कर दिया, जबकि उसकी 19 वर्षीय बेटी का अपहरण कर आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।पीड़ित परिवार के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे महिला अपनी बेटी के साथ गांव के बाहर खेत में गन्ने की सिंचाई के लिए जा रही थी। जैसे ही दोनों रजबहे के पास पहुंचीं, वहां पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवक अचानक सामने आ गए और रास्ता रोक लिया।आरोप है कि युवकों ने मां-बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसी दौरान एक आरोपी ने फरसे से महिला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।महिला के गिरते ही आरोपी उसकी 19 वर्षीय बेटी को जबरन अपने साथ ले गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए।इलाज के दौरान महिला की मौतघटना की सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल, मोदीपुरम (मेरठ) ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट थी और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई थी। तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।अपहरण, हत्या व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्जपीड़ित पक्ष की तहरीर पर सरधना थाना पुलिस ने अपहरण, हत्या, जानलेवा हमला, छेड़छाड़ तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा, पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार तथा क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से बातचीत की और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अपहृत किशोरी की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।विधायक अतुल प्रधान पहुंचे अस्पतालघटना की जानकारी मिलते ही सरधना विधायक अतुल प्रधान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से महिला की स्थिति की जानकारी ली और बाद में पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक ने घटना को बेहद दुखद व निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।गांव में भय और आक्रोशकिशोरी के अपहरण और महिला की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपहृत किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

