नौ वर्षीय मानवी पुत्री जितेंद्र के परिवार को नहीं मिली चार लाख रुपए की मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद
सिवाल खास से विधायक गुलाम मोहम्मद व तहसीलदार ज्योति ने पीड़ित दो परिवारों को चैक सौंपकर न्याय दिलाने का दिया भरोसा
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानीखुर्द सिवाल खास में पांच दिन पहले घर के ही पास एक प्लाट में भरे पानी में बच्चों के शव मिलने पर मोके पर पहुंचे एडीएम ई सत्यप्रकाश ने आर्थिक मदद की घोषणा की थी।आज क्षेत्रीय विधायक गुलाम मोहम्मद व तहसीलदार ज्योति ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद के रूप में चार चार लाख रुपए के चैक पीड़ित दो परिवार को सौंप कर न्याय दिलाने का वायदा किया। वहीं नौ वर्षीय मानवी की गर्दन की हड्डी टूटने के कारण मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद नहीं मिल पाई। कस्बा सिवाल खास में रविवार को नौ वर्षीय मानवी पुत्री जितेंद्र,आठ वर्षीय ऋतिक पुत्र हिम्मत व आठ वर्ष के सिब्बू पुत्र मोनू बाल्मिकी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे। सोमवार की सुबह इन तीनों बच्चों के शव पास ही एक निर्माणाधीन कालोनी के प्लाट में भरे पानी में पड़े मिले थे। घटना में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया था। जिसमें आठ वर्षीय ऋतिक व आठ वर्षीय सिब्बू की पानी में डूबने से मौत होने पर मुख्यमंत्री राहत कोष से दोनों परिवारों को चार चार लाख रुपए की मदद के रूप में शासन से आर्थिक मदद की गई।जबकि नौ वर्षीय मानवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटना पाया गया था,इसीलिए मानवी की मौत में अभी स्थिति साफ न होने के चलते मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद अभी रोक दी गई है।हिम्मत व मोनू के परिवार को चार चार लाख रुपए की मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद का चैक लेकर विधायक गुलाम मोहम्मद व तहसीलदार ज्योति आज सिवाल खास पहुंचे और परिवारों को चैक सौंपे गए।विधायक गुलाम मोहम्मद व तहसीलदार ज्योति ने परिजनो को न्याय का पूरा भरोसा दिया ।

