Oplus_19005440
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। परतापुर बाईपास स्थित मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में वार्षिक युवा महोत्सव “मृदंग-2026” का आयोजन 23 और 24 फरवरी को भव्य रूप से किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महिला सशक्तिकरण विषयक कार्यक्रम और पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी।उन्होंने कहा कि दो दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मकता और नवाचार से जोड़ना है। महोत्सव में देश की समृद्ध लोक परंपराओं, नृत्य और संगीत का रंगारंग संगम होगा।
पहले दिन होंगे ये खास आयोजन
23 फरवरी को सोलो डांस, म्यूजिकल सिंगिंग, बैटल ऑफ बैंड्स, रैप बैटल, थीम-आधारित फैशन शो और डीजे नाइट जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।इसके अलावा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत “टॉयकाथॉन 2026” का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें छात्र भारतीय संस्कृति, प्राचीन वेदों और पारंपरिक खेलों पर आधारित खिलौने तैयार करेंगे। इस पहल का उद्देश्य घरेलू खिलौना उद्योग को बढ़ावा देना और विलुप्त हो रहे भारतीय खेलों को पुनर्जीवित करना है।
दूसरे दिन सम्मान और स्टार नाइट
24 फरवरी को नुक्कड़ नाटक, ग्रुप डांस प्रतियोगिता और विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण हरियाणा की प्रसिद्ध गायिका एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर शिवा चौधरी की लाइव परफॉर्मेंस होगी।शिवा चौधरी अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति, पारंपरिक हरियाणवी लोक शैली और आधुनिक फ्यूज़न के लिए जानी जाती हैं। वे अपने सुपरहिट गानों “जले 1”, “जले 2”, “टैग आवारा के”, “काले कागज”, “सरपंच” और वर्ष के चर्चित गीत “फाइनेंसर” से छात्रों को झूमने पर मजबूर करेंगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस में एमआईटी के प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. संजय माथुर, सोनल अहलावत, रितिमा सहित छात्र समन्वयक सौरभ, खुशी, अंकुर, सारांश, कुश और प्रतीक उपस्थित रहे।“मृदंग-2026” के माध्यम से एमआईटी छात्रों को सांस्कृतिक उत्सव, नवाचार और मनोरंजन का अनूठा अनुभव देने के लिए तैयार है।**

