अनीस संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भोला रोड़ स्थित भोला स्वामी विवेकानंद गर्ल्स स्कूल में आयोजित फ्यूचर फेस्ट 2026 का ग्रैंड फिनाले बड़े ही भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निदेशक अजय गुप्ता एवं प्रधानाचार्या प्रेरणा गुप्ता के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उप-प्रधानाचार्या अमृता सिरोही, सीनियर को ऑर्डिनेटर तनु शर्मा तथा समस्त स्टाफ के सहयोग से यह कार्यक्रम यादगार बन गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नितिन तोमर, डॉ. शेखर पुंडीर, योग गुरु ऋषिपाल सिंह, अजय तोमर एवं डॉ. सुरभि गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध किया, वहीं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन ने अनुशासन और एकाग्रता का संदेश दिया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के नवाचारपूर्ण प्रोजेक्ट्स ने उनकी रचनात्मक सोच को उजागर किया। कार्यक्रम के दौरान 20 लकी ड्रॉ आयोजित किए गए, जिनमें से 2 मेगा लकी ड्रॉ के विजेताओं को साइकिलें उपहार स्वरूप प्रदान की गईं। इसके अलावा झूले और फूड स्टॉल्स बच्चों व अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।इस अवसर पर जीके, मैथ्स, साइंस ओलंपियाड, हिंदी राइटिंग तथा ड्राइंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं छात्रवृत्ति भी दी गई। विद्यालय द्वारा लगभग 16 से 20 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई, जो शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।कार्यक्रम के अंत में आयोजित जादू शो ने बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन का समापन खुशनुमा व प्रेरणादायक माहौल में हुआ।

