अखिल संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में 26 फरवरी को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) के कुलपति प्रो. डॉ. जे. पी. पांडे करेंगे। इस अवसर पर वर्ष 2025 के कुल 1108 छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीटेक के 718, बी. फार्मा के 68, एमबीए के 176, एमसीए के 113, एमटेक के 12 तथा एमफार्मा के 21 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी।मेधावी छात्रों में एमटेक (सीएसई) की तनु त्यागी को विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल तथा प्रज्ञा जैन को द्वितीय स्थान पर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा बीटेक कंप्यूटर साइंस की तन्वी बंसल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के दीपक शर्मा, एमबीए की मनीका कंसल, बायोटेक्नोलॉजी की प्रशस्ति एवं विक्षिका तथा एमसीए की नंदनी अग्रवाल को टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने पर रैंक मेडल प्रदान किए जाएंगे।नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा। टेक्नोलॉजी श्रेणी में दीक्षांत एवं मनोहर, सस्टेनेबिलिटी श्रेणी में मोहित तथा एक्सेसिबिलिटी श्रेणी में सार्थक सिसोदिया को सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप अवार्ड दिए जाएंगे।दीक्षांत समारोह के बाद इंडस्ट्री-अकादमिक इंटरैक्शन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें उद्योगों से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी।प्रेस वार्ता में प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह, रजिस्ट्रार शिवपूजन सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर एवं मधुबाला शर्मा उपस्थित रहे।

