Oplus_19005440
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के नगला कुम्भा गांव में शुक्रवार को गांव के ही एक निवासी शाहिद उर्फ दल्ली ने सफाई कर्मचारी गुलफाम के साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। घटना की सूचना पर अन्य सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह गुलफाम को बचाया। पीड़ित सफाई कर्मचारी ने आरोपियों के खिलाफ थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। सफाई कर्मचारी गुलफाम अपने नियमित कार्य पर गांव पहुंचा था। इसी दौरान गांव निवासी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी ने गुलफाम पर हमला बोल दिया और उसके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और अन्य सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया गया, लेकिन गुलफाम को चोटें आईं। घटना से नाराज सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में जानी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से हड़ताल करने को मजबूर होंगे। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि लगातार सफाई कर्मियों पर हमले हो रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इस तरह की घटनाएं न केवल कर्मचारियों का मनोबल तोड़ रही हैं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं। थाना पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सफाई कर्मचारी संघ ने भी मामले को गंभीर बताते हुए जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। यह घटना एक बार फिर साफ कर गई है कि समाज के लिए आवश्यक सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं

