मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। नगर सरधना में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। शोभायात्रा में शामिल एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मोहल्ला चौकी चमारान निवासी बॉबी गौतम (22 वर्ष) पुत्र नरेश कपड़े के शोरूम में सेल्समैन था। शोभायात्रा के दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आनन-फानन में परिजन उसे निजी अस्पताल से कंकरखेड़ा के कैलाशी अस्पताल और वहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। बस स्टैंड चौकी चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा किया। हालात बिगड़ने पर तीन थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाना पड़ा। स्वयं एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा पहुंचे और परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।मृतक के पिता नरेश गौतम की तहरीर पर शेखर पुत्र वीरेंद्र, अभिषेक पुत्र कल्लू निवासी बेगमाबाद समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की और अभिषेक पुत्र कल्लू, शेखर उर्फ घोलू पुत्र कल्लू, आर्यन पुत्र सतपाल, रीतिक उर्फ बिल्लू पुत्र सतपाल, सभी निवासी ग्राम जाफरनगर बेगमाबाद थाना सरधना, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस का कहना है कि अन्य हमलावरों की भी पहचान की जा रही है।इधर गणेश महोत्सव के आयोजक अमन गुप्ता भी मृतक के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

