बोले– योगी सरकार में अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड में दलित महिला सुनीता की हत्या और उसकी बेटी रूबी के अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद शुक्रवार शाम भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।पूर्व विधायक संगीत सोम ने बताया कि वह करीब आठ घंटे का सफर तय कर गांव कपसाड पहुंचे, ताकि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर उन्हें न्याय का भरोसा दिला सकें। उन्होंने कहा कि महिला की नृशंस हत्या और बेटी रूबी के अपहरण की घटना बेहद दुखद और शर्मनाक है।संगीत सोम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह योगी सरकार है, जिसमें किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म का क्यों न हो। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।पूर्व विधायक ने प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि अपहृत बेटी रूबी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और हत्या व अपहरण में शामिल आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।इस दौरान गांव में पुलिस बल तैनात रहा और माहौल शांत बना रहा। पीड़ित परिवार ने भी पूर्व विधायक के सामने अपनी पीड़ा साझा की और न्याय की मांग की। प्रशासन ने मामले में शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है।

