सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना । रविवार सुबह करीब एक घंटे तक जमकर हुई बारिश ने सरधना नगर के विभिन्न इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। समूचे नगर में जलभराव के गंभीर हालात पैदा हो गए, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों और गलियों में पानी भरने से आवागमन बाधित हुआ और लोगों को अपने घरों से निकलने में भी दिक्कतें आईं।नगर के प्रमुख इलाकों जैसे तहसील रोड, लश्करगंज, गंज बाजार, बिनौली रोड, पुलिस चौकी बस स्टैंड, गोमतीनगर, दौराला रोड, पांडुशिला रोड, किला खेवान, शहीद द्वार, रामलीला रोड और जगमोहननगर आदि जलभराव की स्थिति सबसे अधिक देखने को मिली ऐसा लग रहा था जैसे बाढ़ आगयी हो । इन क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों, दोनों को ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा।नगर का मुख्य नाला पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी ठीक से निकल नहीं पा रहा है, जिसका खामियाजा नगर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की उदासीनता के चलते उन्हें बारिश में ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण कई घरों में पानी घुसने की भी खबरें हैं, जिससे लोगों का काफी सामान खराब हो गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाले की जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में उन्हें ऐसी समस्याओं से दो-चार न होना पड़े।

