गंदे पानी में उतरकर किया विरोध, नगर पालिका की अर्थी निकालकर किया पुतला दहन
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।ऐतिहासिक नगर सरधना का मुख्य व्यावसायिक केंद्र गंज बाजार इन दिनों भीषण जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि त्यौहारों के मौसम में जहां बाजारों में रौनक होनी चाहिए थी, वहां पूरा इलाका झील में तब्दील नजर आ रहा है। देहली वाच, बागड़ी डेंटल, शहजाद साइकिल वर्क्स से लेकर कमरा नवाबान तिराहे तक घुटनों-घुटनों गंदा पानी भरा हुआ है।जलभराव के कारण दर्जनों दुकानें, अस्पताल और शोरूम प्रभावित हैं, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है। पैदल राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है और लोग मजबूरी में मुख्य मार्ग छोड़कर बाईपास से होकर आवागमन कर रहे हैं।व्यापारियों का फूटा गुस्सालंबे समय से चली आ रही इस समस्या से आक्रोशित व्यापारियों का शनिवार को सब्र टूट गया। गंज बाजार के व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों पर ताले जड़ दिए और गंदे पानी में खड़े होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने खुद को जंजीरों में जकड़कर जलभराव से “आजादी” की मांग की। इतना ही नहीं, नगर पालिका की अर्थी बनाकर उस पर पुतला रख शव यात्रा निकाली गई और कालंद चुंगी चौराहे पर पुतला दहन किया गया।जाम लगाकर जताया विरोधप्रदर्शन के दौरान कालंद चुंगी चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि, जैसे ही स्कूली बच्चों की छुट्टी हुई, व्यापारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जाम खुलवा दिया।इस मौके पर सरधना व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जैन भी व्यापारियों के बीच पहुंचे और कई अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने तत्काल जलनिकासी और सड़क निर्माण का समाधान निकालने की मांग की।प्रशासन पर गंभीर आरोपव्यापारियों का आरोप है कि जलभराव की शिकायत लेकर जब वे जिलाधिकारी के पास पहुंचे तो डीएम ने अधिशासी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उल्टे ईओ की नाराजगी व्यापारियों पर उतर आई। आरोप है कि जल निकासी के नाम पर कुछ दुकानों के लेंटर तक तुड़वा दिए गए।भारतीय किसान यूनियन आजाद के प्रवक्ता हनीफ राणा ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई कर्मी खुलेआम बाजार की सफाई ठप करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एक सफाई कर्मचारी द्वारा शराब पीकर व्यापारियों से अभद्रता करने का आरोप भी लगाया।प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापनबाजार की बदहाली से नाराज व्यापारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन, मनोज तालियान, परवेज राणा, अशरफ राणा, आसु, पिंटू, और अमित जैन सहित गंज बाजार के व्यापारियों ने बताया कि आगामी 22 तारीख को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुंचेंगे, तब सरधना के व्यापारी भारी संख्या में मेरठ जाकर उनके नाम ज्ञापन सौंपेंगे।व्यापारियों की मांग है कि बाजार की सड़क को ऊंचा उठाकर बनाया जाए और दोनों ओर पक्के नालों का निर्माण कराया जाए, ताकि स्थायी रूप से जलभराव से निजात मिल सके। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन में बशीर मिर्जा, मनोज तालियान, परवेज राणा, अमित जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

