मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ)। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सरधना तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों को जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कुल 96 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को सौंपकर जल्द से जल्द समाधान करने के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने समाधान दिवस में आए अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में आमजन की शिकायतों का समाधान सबसे ऊपर है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उन्हें मिली हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ हो। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 96 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें मुख्य रूप से चकरोडों पर अवैध कब्ज़ा हटाने, भूमि की पैमाइश कराने, पेंशन संबंधी मुद्दे, और पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, विकास, और चकबंदी विभागों से संबंधित मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनके प्रार्थना पत्रों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा, अपर आयुक्त अमित कुमार, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्य कान्त त्रिपाठी, सीओ आशुतोष कुमार और पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

