– तीन घायल, हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।सरधना क्षेत्र के सलावा गांव में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी परिसर में रविवार को कार्य के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में टेक्नीशियन समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान लोहे का चैनल लगाने को लेकर टेक्नीशियन मोंटी निवासी गांव कपसाड और वेल्डिंग कार्य कर रहे युवक जुल्फिकार निवासी गांव सलावा के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि जुल्फिकार के समर्थन में आए कुछ मजदूरों ने टेक्नीशियन मोंटी और उसके भाई सुंदर पर हमला कर दिया।सके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। निर्माण स्थल पर मौजूद ईंटों और सरियों से एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में टेक्नीशियन मोंटी, उसका भाई सुंदर तथा वेल्डर जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरधना के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

