फुरकान संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ, ।थाना रोहटा क्षेत्र के ग्राम बाड़म में युवक अमित की मौत के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। जांच में यह मामला गैर-इरादतन हत्या का निकला, जिसमें पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी को सुमित पुत्र निरंकार निवासी ग्राम बाड़म ने अपने भाई अमित की हत्या की आशंका जताते हुए थाना रोहटा में तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।एसएसपी के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि 23 फरवरी को आरोपी प्रदीप ने मृतक अमित के साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद वह अमित को गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर ले जा रहा था।बताया गया कि नशे की हालत में तेज गति से ट्रैक्टर चलाने के कारण संतुलन बिगड़ गया, जिससे अमित ट्रॉली से गिरकर ट्रैक्टर के हिच और हाइड्रोलिक हिस्से से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपियों ने मामले को दुर्घटना दिखाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को दूसरी जगह ले जाकर फेंक दिया।पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप और राहुल के साथ-साथ घटना में सहयोग करने वाले तीन अन्य आरोपियों—अलिम खान, सिजाकत खान और छोटे खान—को भी गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली और शव को छिपाने में इस्तेमाल सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद कर लिया गया है।विवेचना के बाद पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।

