मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
सरधना (मेरठ)। सकौती गांव में किसानों की सुविधा के लिए जिला पंचायत योजना के तहत बन रहे पक्के खंडजे (रास्ते) के निर्माण में एक व्यक्ति बाधा डाल रहा है। यह रास्ता खसरा संख्या 663 से 678 तक की कृषि भूमि से होकर गुजर रहा है और किसानों की लंबे समय से मांग थी, ताकि उन्हें गन्ने समेत अपनी पकी फसल को लाने ले जाने में आसानी हो। किसानों ने अब उपजिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को सुचारु रूप से कराने की गुहार लगाई है।गांव के किसानों का कहना है कि यह खंडजा उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बनने से उन्हें अपनी उपज ढोने में काफी राहत मिलेगी। लेकिन एक दबंग व्यक्ति इस निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहा है। किसानों का आरोप है कि वह अपनी दबंगई दिखाते हुए काम रुकवा रहा है, और विरोध करने पर फौजदारी पर आमादा हो जाता है। इससे क्षेत्र में शांति भंग होने का खतरा बना हुआ है। संजीव कुमार, मुकेश, बिजेंद्र, ओमपाल, रूपेश कुमार, जितेन्द्र सिंह, राजेंद्र सिंह, मोनू, कृष्णपाल, रोहित आदि ने उपजिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि उपजिलाधिकारी महोदय मौके का संज्ञान लें और खंडजा निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वाले योगेन्द्र व अन्य के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करें, ताकि यह महत्वपूर्ण रास्ता सकुशल बन सके।

