मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। गुरुवार शाम गाजियाबाद के गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने जानी क्षेत्र में कटान के लिए ले जाए जा रहे दो गौवंशों को पकड़ लिया। गौ रक्षक दल के सदस्यों ने दोनों गौवंशों को पुलिस के हवाले किया, लेकिन कार्रवाई न होने पर थाने पर हंगामा कर दिया। गौ रक्षक दल के सदस्य अनुभव शर्मा और पंडित गौरव शास्त्री ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण क्षेत्र में गौ-तस्करी बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बहरामपुर गांव से दो गौवंशों को मेरठ की ओर ले जाया जा रहा है। टीम ने पीछा कर दोनों पशुओं को पकड़ लिया और जानी थाना पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन कर पुलिस से गौकशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पकड़े गए तस्करों के तार हरियाणा के मैवात इलाके से जुड़े हैं और अब ये गिरोह ऑनलाइन गाड़ियां बुक कर गौवंश की तस्करी कर रहे हैं।पुलिस का पक्ष सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत लिया हुआ है गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौ रक्षक दल ने प्रशासन से मांग की है कि तस्करों के साथ-साथ उनकी मदद करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में गौ-तस्करी पर अंकुश लगाया जा सके।

