लखनऊ संवाददाता एन 20 न्यूज
लखनऊ ।कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद ने राजधानी लखनऊ में शिया मसलक के प्रतिष्ठित विद्वान सैय्यद मौलाना कल्बे जव्वाद नक़वी से मुलाक़ात की। इस दौरान दोनों के बीच कई अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। जिसमें कांग्रेस की नीतियां, संविधान की सुरक्षा और उसकी मज़बूती, राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने की ज़रूरत, मज़हबी और समाजी भाईचारा, साम्प्रदायिक सौहार्द, और अमन की फिज़ा को क़ायम रखने जैसे विषय प्रमुख रहे।प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद ने कहा कि मौलाना कल्बे जव्वाद नक़वी न सिर्फ़ शिया समुदाय के बल्कि पूरे मुल्क के लिए रूहानी और सामाजिक मार्गदर्शक हैं। उनके विचार समाज में मोहब्बत, इंसाफ़ और एकता का पैग़ाम फैलाते हैं। उनकी फिक्रमंद सोच आज के दौर में एक मिसाल है। ऐसे विद्वान समाज को राह दिखाने का काम करते हैं।इस दौरान नवाब अहमद हमीद ने मौलाना कल्बे जव्वाद नक़वी को कांग्रेस पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक कार्यों और जनता के बीच चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी संविधान की बुनियादी भावना बराबरी, इंसाफ़ और धर्मनिरपेक्षता को मज़बूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।मौलाना कल्बे जव्वाद नक़वी ने राजनीतिक जागरूकता की अहमियत पर ज़ोर देते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकारों और ज़िम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने समाज में एकता, भाईचारे और मोहब्बत का माहौल बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मज़हब कभी नफ़रत नहीं सिखाता बल्कि इंसानियत, अमन और सहयोग का पैग़ाम देता है। उन्होंने विशेष कहा कि अत्याचार को सहन करना भी अत्याचार करने के बराबर है, इसलिए नाइंसाफ़ी के खिलाफ़ हमेशा आवाज़ उठानी चाहिए। इमाम हुसैन ने जिस तरह जालिमों के खिलाफ़ अपनी आवाज़ उठाते हुए बलिदान दिया, उन्हीं से प्रेरणा लेकर हमें अपने देश में सभी बुराइयों को समाप्त करने में योगदान देना चाहिए।

