मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।शुक्रवार को रोहटा गांव में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। रासना (कुटी) संपर्क मार्ग पर रहने वाले 61 वर्षीय बृजवीर सिंह को उनके घर के अंदर ही गोली मारी गई, जब वह चारपाई पर सो रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बृजवीर सिंह पिछले कई सालों से कैंसर से पीड़ित थे और अक्सर बीमार रहते थे। वे दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास चारपाई पर लेटे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे हिस्से में थे। इसी दौरान, अज्ञात हमलावर ने दरवाजे के बगल में लगी खिड़की (जंगले) से उन्हें गर्दन में गोली मार दी। गोली लगने के बाद बृजवीर की मौके पर ही मौत हो गई।गोली की आवाज सुनकर और परिवार वालों का शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन मुख्य सड़क की ओर लगे एक कैमरे में कोई संदिग्ध फुटेज नहीं मिली। बृजवीर के घर के बाद जंगल शुरू हो जाता है, जिससे जांच और भी मुश्किल हो गई है।मृतक के बेटे रोहित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

