Oplus_16908288
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। जानी थाना क्षेत्र के गांव रामपुर पावटी में दबंगों द्वारा राजमिस्त्री और मजदूर पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग योगेश और अनिकेत ने फावड़ा और खंती से हमला कर दिया, जिसमें राजमिस्त्री साजिद के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि मजदूर अनूप भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया गया है कि गांव रामपुर पावटी में राजमिस्त्री साजिद अपने साथी मजदूर अनूप के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर योगेश और अनिकेत वहां पहुंच गए और कहासुनी के बाद दोनों पर फावड़ा और खंती से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हमले में साजिद के सिर में गहरी चोट लग गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अनूप को भी चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।बताया गया है कि घायल राजमिस्त्री साजिद और मजदूर अनूप जानी थाना क्षेत्र के गांव इदरीशपुर के निवासी हैं।घटना की सूचना मिलने पर जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी योगेश और अनिकेत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

