पति ने दोस्त संग मिलकर पत्नी की की बेरहमी से की थी हत्या
अनीस अहमद एन 20 न्यूज
मेरठ । थाना जानी पुलिस ने सिवालखास जंगल में पूर्व में मिली अज्ञात महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छूरी और रस्सी बरामद की है।एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान में जानी थाना प्रभारी प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी शहजाद पुत्र फारूख निवासी फलावदा वर्तमान पता लक्कीपुरा थाना लिसाड़ीगेट और उसके साथी नदीम पुत्र निसार निवासी फलावदा वर्तमान पता अहमद नगर थाना लिसाड़ीगेट को गिरफ्तार किया।
घटना का पृष्ठभूमि:
17 सितंबर 2025 को गंगनहर पटरी सिवालखास जंगल के पास खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। मृतका ने काला बुर्का पहन रखा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए कई जिलों में फोटो प्रसारित किए। बाद में पता चला कि यह शव नईमा यासमीन सैकिया का है, जो असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी और 8 अक्टूबर को थाना चरथावल मुजफ्फरनगर से गुमशुदा दर्ज थी।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा:
जांच में सामने आया कि नईमा यासमीन की शादी आरोपी शहजाद से हुई थी, जिसने खुद को कपड़ों का व्यापारी बताकर उससे ऑनलाइन निकाह किया था। जबकि असल में शहजाद मस्जिद का इमाम था और पहले से शादीशुदा था, उसके तीन बच्चे भी हैं।नईमा यासमीन को सच्चाई का पता चलने पर दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे। शिक्षित और आत्मनिर्भर नईमा अक्सर शहजाद के झूठ और दोहरे जीवन का विरोध करती थी। इससे तंग आकर शहजाद ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
हत्या की पूरी साजिश:
शहजाद ने अपने साथी नदीम को ₹12,000 देकर साथ लिया और 16 सितंबर को नईमा को बाजार जाने के बहाने मुजफ्फरनगर ले गया। वहां उसने जूस में नींद की गोलियां मिलाकर नईमा को बेहोश किया। इसके बाद दोनों ने उसे गंगनहर पटरी सिवालखास के पास खेत में ले जाकर रस्सी से गला घोंटा और फिर शहजाद ने छूरी से गला काट दिया।
पुलिस की कार्रवाई:
थाना जानी पुलिस ने 3 नवंबर को दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक छूरी व एक रस्सी बरामद की। दोनों को अदालत में पेश किया गया है।

