मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ। शुक्रवार को तड़के सरूरपुर थाना क्षेत्र में अमरोहा से श्रद्धालुओं को लेकर बागड़ तीर्थ धाम जा रही पिकअप वैन खिवाई के निकट हिंडन नदी के पास हाइटगेज से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पांच श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को तड़के अमरोहा से कुछ श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ तीर्थ धाम जाने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि सुबह को दिन निकलने से पहले पिकअप वैन में सवार श्रद्धालु सरूरपुर थाने के बॉर्डर पर स्थित हिंडन नदी के अस्थाई पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन पुल से पहले बने हाइटगेज से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को निकट स्थित अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 44 वर्षीय राजपाल, 30 वर्षीय रिंकू और 30 वर्षीय ब्रह्मपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रविंद्र, देवराज, टिंकू, राजपाल और 13 वर्षीय प्रवेश की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। सभी श्रद्धालु अमरोहा के बताए जा रहे हैं। उधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है। दोपहर को मृतकों के परिजन मेरठ में पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे तो उनकी चीत्कार से पोस्टमार्टम हाउस दहल उठा।

