भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन, 7 दिन में जांच का आश्वासन
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष आकाश सिरोही के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों की समस्या को लेकर कृषि उपनिदेशालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष आकाश सिरोही ने आरोप लगाया कि भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने भूमि समतलीकरण के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है।किसानों का कहना है कि वर्ष 2022 व 2023 में जिन किसानों की भूमि समतल हुई, उनके लिए सरकार द्वारा निर्धारित ₹3500 प्रति हेक्टेयर की सब्सिडी, जो सीधे किसानों के डायरेक्ट खातों में भेजी जानी थी, उसे भी विभागीय अधिकारियों ने हड़प लिया। किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग के बीएसए समेत अन्य अधिकारियों ने पूरे जिले में लगभग 80 से 90 लाख रुपये तक के सरकारी बजट में घोटाला किया है। किसानों का आरोप है कि भूमि समतल करने के नाम पर लाखों रुपये अपने रिश्तेदारों के खातों में भेजे गए। क्षेत्र के किसानों ने जब इसकी जानकारी भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक को दी, तब संगठन ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। धरना स्थल पर पहुंचे जिला कृषि अधिकारी राजीव सिंह और कृषि उपनिदेशक चौरसिया ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर 7 दिन के भीतर निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद यूनियन ने ज्ञापन सौंपकर धरने समाप्त किया ।हालांकि बीकेयू अराजनैतिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भ्रष्ट अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ जिला कलेक्ट्रेट का पक्का घेराव करेगा। किसानों ने कहा कि वे अपने हक पर किसी भी कीमत पर चोट नहीं आने देंगे। धरने में जिला अध्यक्ष आकाश सिरोही, सोहित चौधरी, रामधन सिसौला, ज्ञानेंद्र पुनिया, विक्की तेवतिया, सचिन सकौती, अनुज चिकारा, सुधीर बालियान, मोनी चिंदौड़ी, सोरन प्रधान, विक्रांत, ईशु सिरोही, शोभित चौहान, मुस्तकीम, अंकित, साजिद, हरजीत सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

