सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना ।नगर के प्राचीन महादेव मंदिर में खंडित मूर्तियों की पूजा करने पर मजबूर श्रद्धालुओं ने जलभराव और गंदगी की समस्या परेशान होकर मंदिर प्रांगण में एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बैठक के दौरान लोगों ने अपने गुस्से का इजहार करते हुए मंदिर कमेटी को भंग करके नई कमेटी की गठन की मांग उठाई , इस दौरान मंदिर कमेटी का कोई भी पदाधिकारी या सदस्य बैठक में नहीं पहुंचा इसको लेकर भी लोगों में आक्रोश उत्पन्न हुआ। आपको बतादें कि मंगलवार को मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों ने जब दोनों मार्गों पर भरे पानी और गंदगी के ढेर देखे तो उनमें आक्रोश फैल गया था । श्रद्धालुओं ने खुले तौर पर मंदिर कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे भंग कर नई कमेटी गठित करने की मांग की थी । उसी को लेकर शनिवार की शाम एक बैठक का आयोजन मंदिर परिसर में किया गया। बताया गया की बैठक की सूचना मंदिर कमेटी के पदधिकारियों को भी दी थी लेकिन कोई भी पदाधिकारी या सदस्य इस बैठक में नहीं पहुंचा। श्रद्धालुओं का कहना था कि वे घर से स्नान कर पवित्र भाव से भगवान के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन मंदिर के प्रवेश द्वार पर ही गंदगी और पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे मंदिर आने का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है। महिलाओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जहां भगवान का धाम स्वच्छता और शांति का प्रतीक होना चाहिए, वहीं यहां श्रद्धालु गंदगी और बदबू से जूझ रहे हैं। मंदिर रखी मूर्तियां भी खंडित हालत में है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से न तो नियमित सफाई की जाती है और न ही रखरखाव पर ध्यान दिया जाता है। जबकि मंदिर की आमदनी हर महीने लगभग हज़ारों रुपये बताई जाती है, जो मंदिर के बाहर बनी दुकानों से किराए के रूप में आती है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि इस आय का सही उपयोग मंदिर की व्यवस्था सुधारने में नहीं किया जा रहा। तो ऐसी कमेटी को भंग करके नई कमेटी का गठन किया जाना चाहिए। जो श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करे और मंदिर के रखरखाव की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए। बैठक में शिक्षक दीपक शर्मा, वीरेंद्र चौधरी, मनमोहन त्यागी, सभासद आशीष त्यागी उर्फ़ सोन, ललित गुप्ता, सोनू त्यागी श्यामबोल तोमर,ललित गुर्जर,अजब सिंह गुर्जर, विकास विशनोई, अंशुल त्यागी, देवेंद्र शर्मा, डा.सुधीर गुप्ता, रेशु,अर्जुन राणा, सुनील गोयल, सत्यवीर, मुदित माहेश्वरी, अनिल चौधरी, दीपक विश्वकर्मा, समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह मंदिर सरधना की आस्था का केंद्र है और यहां की बदहाल स्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों और प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा ताकि समाधान हो सके।

