मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। मेरठ के रोहटा ब्लॉक क्षेत्र के गांव घसौली निवासी भारतीय सेना के 27 वर्षीय मेजर शुभम सैनी को गांव में नम आंखों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देहरादून–चकराता मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मेजर शुभम सैनी की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।रविवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और हर किसी की आंखें नम नजर आईं।बताया गया कि मेजर शुभम सैनी गांव घसौली निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार सत्येंद्र सैनी के पुत्र थे। शुभम सैनी का चयन वर्ष 2019 में कमीशन के माध्यम से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ था। कर्तव्यनिष्ठा और मेहनत के बल पर वह पदोन्नत होकर मेजर बने और वर्तमान में देहरादून के चकराता क्षेत्र में तैनात थे।शनिवार दोपहर मेजर शुभम सैनी किसी आवश्यक कार्य से चकराता से देहरादून जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मेजर शुभम सैनी के निधन की खबर गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मेजर शुभम सैनी गांव और क्षेत्र का गौरव थे, जिनकी देशसेवा और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।सभा में मौजूद लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

