मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक का पीछा कर उसके घर में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। युवक को बचाने आए उसके परिजनों के साथ भी गाली-गलौज की गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाने में दी गई तहरीर के अनुसार नई बस्ती लोकप्रिय रोड, सरधना देहात के रहने वाले कलवा का पुत्र अमीर आजम दो दिन पूर्व दोपहर करीब एक बजे अपने दोस्तों के साथ ईकड़ी रोड स्थित ट्यूबवेल पर नहाने गया था। दोपहर करीब 2 बजे जब अमीर आजम नहाकर वापस घर लौट रहा था, तभी उसके एक साथी ने सड़क किनारे खड़े आम के पेड़ से एक आम तोड़ लिया था तभी नईम और नसीम पुत्र यामीन (निवासीगण राममोहन कॉलोनी, सरधना), करीम पुत्र अलीम (निवासी नई बस्ती ईदगाह रोड, सरधना देहात) और मोसिन पुत्र अज्ञात (निवासी इस्लाम तेली वाली गली, नई बस्ती सरधना देहात) ने इसका विरोध किया तो आम तोड़ने वाले युवक ने उसके पैसे देने और बात को ख़त्म करने कि गुजारिश की लेकिन वह नहीं माने किसी तरह उसका पुत्र वहां से आगया जिसके बाद उक्त युवकों ने अपने 6-7 अज्ञात साथियों के साथ उसके बेटे का पीछा करना शुरू कर दिया. इन हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे देखकर अमीर आजम डर गया और किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा।लेकिन, हमलावर यहीं नहीं रुके, उन्होंने अमीर आजम का पीछा करते हुए उसके घर में जबरन घुस गए। घर में घुसते ही उन्होंने अमीर आजम का गला पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब अमीर आजम के पिता कलवा और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और धमकी देते हुए कहा कि आज तेरे लड़के को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।यह सुनकर पूरा परिवार भयभीत हो गया और चीखने-चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्होंने बमुश्किल अमीर आजम को हमलावरों से बचाया। जाते-जाते दबंगों ने अमीर आजम को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग और गुंडा किस्म के लोग हैं, जिनसे उनके बेटे अमीर आजम की जान को गंभीर खतरा है। बताया गया की हमलावर कई बाइकों से उसके घर के आसपास घूम रहे है। उन्होंने सरधना थाना अध्यक्ष से प्रार्थना की है कि उनकी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी की फुटेज भी दे दी है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गयी है।

