मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित म्यूजिकल स्टार नाइट फ्रेशर्स पार्टी 2026 में प्रसिद्ध गायक वैभव वशिष्ठ ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर छात्र-छात्राएं देर रात तक झूमते और थिरकते नजर आए। संगीत, नृत्य और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने विद्यार्थियों के लिए यादगार शाम को एक भव्य उत्सव में बदल दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता, श्रीमती सौरभ गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, एमडी आईआईएमटी स्कूल्स् श्रीमती पियांशु अग्रवाल एवं कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने किया। इसके बाद प्रियांशु और गीतिका ने डुओ डांस, यश और शोभित ने गाना, रितिका ने डांस, हिमांशु ने रैप सॉन्ग कर समां बांध दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक वैभव वशिष्ठ की प्रस्तुति रही। मंच पर आते ही उन्होंने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वैभव वशिष्ठ ने तेरे बिना गुजारा ए दिल है मुश्किल, तू सफ़र मेरा, है तू ही मेरी मंज़िल, मुझको इतना बताए कोई, गुलाबी आंखे जो तेरी देखी को श्रोताओं ने खूब पसंद किया। मधुर गीतों का सिलसिला जारी रहा और वैभव वशिष्ठ की एक के बाद एक शानदार गीतों की प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और ‘वंस मोर’ की आवाज से गूंजता रहा। विद्यार्थियों ने भी गीतों पर जमकर नृत्य किया और तालियों के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका पूरा जीवन शिक्षा संस्थान के विकास के लिए समर्पित रहा है।

उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज आईआईएमटी से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मॉल रोड स्थित दो कमरों से शुरू हुआ आईआईएमटी समूह आज उत्तर भारत में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को भी विशेष महत्व दिया जाता है। म्यूजिकल स्टार नाइट जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, तनावमुक्त होकर आनंद लेने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आईआईएमटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल बेहतर शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार करना भी है।

कार्यक्रम के दौरान कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता ने प्रसिद्ध गायक वैभव वशिष्ठ को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक निर्देश वशिष्ठ, आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा एवं आईआईएमटी स्टार्ज की प्रधानाचार्या मनीषा मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।मंच संचालन डॉ0 विदुषी गोयल ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, डीन एक्टिविटीज डॉ. लखविंदर सिंह, सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। इस भव्य आयोजन में हजारों विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने म्यूजिकल स्टार नाइट 2026 को यादगार बना दिया।



