एसपी देहात अभिजीत सिंह भी घटना स्थल पहुंचे
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।नगर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अशोक की लाट पुलिस चौकी के निकट एक घर में घुसकर नकाबपोश बदमाश ने महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मेरठ के एस. ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची सरधना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी दिनेश प्रताप के साथ सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की बारीकी से जांच की। सूचना पाकर एसपी देहात अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस, परिजन और लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सरधना थाना क्षेत्र के गांव कुलंजन निवासी मुकेश मित्तल बीते करीब 20 वर्षों से सरधना में लिबर्टी सिनेमा के सामने शुभम बेंगल स्टोर नाम से जनरल स्टोर चला रहा है। मुकेश की पहली पत्नी कोमल गुप्ता का सात वर्ष पूर्व निधन हो गया था। कोमल से उसकी तीन बेटियां सोनिया, मोनिया, क्षमता और एक बेटा शुभम है। इन चारों की शादी हो चुकी हैं। बताया गया कि पहली पत्नी के निधन के बाद मुकेश ने दूसरी शादी मुरादाबाद निवासी सीमा गुप्ता से की थी। सीमा रामलीला रोड पर स्थित उस मकान में रहती थी, जिसे मुकेश ने हाल ही में खरीदा था। घर के नीचे जनरल स्टोर खोलने की तैयारी चल रही थी, जबकि सीमा ऊपरी मंजिल पर रहती थी। रविवार सुबह करीब नौ बजे एक नकाबपोश युवक घर में दाखिल हुआ। उस समय सीमा रसोई में खाना बना रही थी। बताया गया कि आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर सीमा पर दो गोलियां दाग दीं एक सिर में और दूसरी पैर में लगी। गोली लगते ही सीमा लहूलुहान होकर गिर गई।घायल सीमा ने तत्काल अपने पति मुकेश को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब तक मुकेश मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था। मुकेश ने गंभीर रूप से घायल पत्नी को पहले सरधना के हिमालय अस्पताल और फिर मेरठ के एस. ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल महामंत्री ललित गुप्ता सहित कई व्यापारी नेता भी घटना स्थल पहुंचे। व्यापार मंडल अध्यक्ष धनपाल जैन ने फोन पर पीड़ित परिवार से बात की और हर प्रकार की सहायता का आश्वासन दिया।व्यापारियों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में मुकेश गुप्ता ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नवागत थाना प्रभारी दिनेश प्रताप ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और इस मामले के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन कर दिया गया है सभी टीमें मामले की जांच में जुट गई है।

