मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।रक्षाबंधन, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व है, इस बार कुछ खास बन गया जब सरधना के लश्करगंज स्थित के.के. पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को समर्पित 151 सुंदर राखियाँ स्वयं तैयार कर सेना के जवानो को बाँधी। इस विशेष पहल का उद्देश्य था उन सैनिकों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना, जो अपने परिवारों से दूर रहकर सीमाओं पर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं और त्योहारों पर भी अपनी ड्यूटी से पीछे नहीं हटते। रक्षाबंधन से पहले, स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्नेह और समर्पण से भरपूर 151 राखियाँ बनाई। इन्हें लेकर स्कूल की अध्यापिकाएँ श्रीमती सविता गोयल व ऑडी शर्मा के नेतृत्व में एक छात्र प्रतिनिधिमंडल 70 यू.पी. एनसीसी बटालियन, मेरठ कैंट पहुँचा। वहाँ, बच्चों ने एनसीसी के अधिकारियों कर्नल पंकज मांगो व सूबेदार विनोद कुमार को राखी बाँध कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। यह दृश्य अत्यंत भावुक और गर्व से भरा हुआ था, जब नन्हें-मुन्हें बच्चों ने सेना के जवानों की कलाई पर स्नेह और सम्मान का रक्षा-सूत्र बाँधा। राखी बँधवाने के पश्चात, कर्नल पंकज मांगो ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि, “यह केवल राखी नहीं है, यह उन नागरिकों का स्नेह है जिनकी रक्षा के लिए हम तैनात हैं। बच्चों के इस प्रेम और समर्थन से हमें नई ऊर्जा मिलती है।”

बटालियन की ओर से सभी बच्चों को जलपान कराकर मुँह मीठा कराया गया और उन्हें उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।इस अवसर पर स्कूल मैनेजर सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने कार्यक्रम की सराहना की। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा: “हमारे सैनिक हर परिस्थिति में देश की रक्षा में जुटे रहते हैं, चाहे वह बारिश हो, ठंड हो या कोई त्योहार। ऐसे में हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम उन्हें यह महसूस कराएँ कि देशवासी उनकी सराहना करते हैं। बच्चों द्वारा बनाई गई राखियाँ उनके लिए सच्चे मन से भावनाओं की सौगात हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्रों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का संचार होता है, जो शिक्षा के साथ-साथ उनके संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

