मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।बुधवार को सामाजिक एवं हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने नगर की विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल समाधान की मांग की।ट्रस्ट के अध्यक्ष रिहान मलिक ने ज्ञापन में प्रमुखता से पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने बताया कि पहले सरधना से बद्रुद्दीन नगर नानू तक नाले के दोनों ओर लगभग 5,000 पौधे लगाए गए थे, लेकिन अज्ञात लोगों द्वारा की गई सफाई के कारण वे नष्ट हो गए। उन्होंने इस पर कानूनी कार्रवाई की मांग की और भविष्य में पौधों को बचाकर सफाई कराने की अपील की।ट्रस्ट ने नगर पालिका की पानी की टंकी से 350 टीडीएस युक्त दूषित पानी की आपूर्ति पर चिंता जताई, जिसे सरधनावासी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह पानी कई बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, उन्होंने नगर में लगी वाटर मशीनों की मरम्मत और लीकेज रोकने की भी मांग की, जिनसे रोज़ाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। ज्ञापन में महापुरुषों के स्थलों जैसे अंबेडकर पार्क, तिरंगा चौक और वीर अब्दुल हमीद पार्क की नियमित साफ-सफाई और चौकीदार-माली की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा, उन्होंने बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या का समाधान करने और कूड़े के ढेर हटाने के लिए ठोस कूड़ा प्रबंधन उपाय अपनाने की बात कही। ट्रस्ट ने सड़कों, नालियों और मैनहोल की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई, क्योंकि इनकी खराब हालत से आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। ट्रस्ट ने नगर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या पर भी चिंता जाहिर की, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के नाम पर हर साल सिर्फ खानापूर्ति की जाती है, इसलिए उन्होंने नियमित पौधारोपण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही, उन्होंने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और बिजली जाने पर जनरेटर से स्ट्रीट लाइटें जलाने और पानी की सप्लाई देने की पुरानी व्यवस्था फिर से शुरू करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में रिहान मलिक के साथ एडवोकेट रविंद्र सिंह, सुहेल कुरैशी, सोहनवीर सिंह, सुखबीर सिंह, हनीफ राणा, अरकाब अली, दानिश, जियाउर रहमान और जाहिद कुरैशी आदि शामिल रहे।

