पीड़ित के दादा ने सीओ कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना।सरधना के मोहल्ला कमरानवाबान में तेज गति और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर 5 वर्षीय बालक को घायल करने के मामले में पुलिस की ढिलाई सामने आई है। घटना को दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार परेशान है। न्याय की मांग को लेकर घायल बालक का दादा लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहा है।सोमवार को रईसुद्दीन पुत्र प्यारे ने सीओ कार्यालय पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि बीती 13 दिसंबर की सुबह उनका 5 वर्षीय पोता अजीम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अहसान पुत्र बाबू तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाते हुए आया और अजीम को टक्कर मार दी। हादसे में बालक के पैर में फ्रैक्चर हो गया।रईसुद्दीन का आरोप है कि घटना की सूचना थाना सरधना में देने के बाद आरोपी ने पुलिस की मदद से उन पर दबाव बनाकर समझौता करा लिया। लेकिन इसके दो दिन बाद ही आरोपी अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और थाने में तहरीर देने पर नाराजगी जताते हुए हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह वह घर के अंदर घुसकर दरवाजा बंद करने में सफल रहे।उन्होंने बताया कि अगले दिन भी आरोपी घर पहुंचे और दरवाजा पीटकर बाहर निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने कहीं भी मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय पुलिस चौकी में की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।रईसुद्दीन ने बताया कि वह एसएसपी कार्यालय भी गए थे, जहां से उन्हें क्षेत्राधिकारी से मिलने के निर्देश दिए गए। एसएसपी के निर्देश पर सीओ ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार अब भी न्याय और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहा है।

